मानव श्रृंखला बनाकर 628 युवाओं ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विभूतिपुर/नवनीत कुमार झा : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दूर देहात संस्था द्वारा के.वाई.पी. दूर देहात, खदियाही के प्रांगण में पौधा वितरण एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के तहत संस्था से जुड़े 628 इंटर्न के बीच पौधों का वितरण किया गया तथा सभी को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने पर्यावरण जागरूकता के उद्देश्य से मानव श्रृंखला का निर्माण कर समाज को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। युवाओं ने लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा प्रकृति के संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

इस अवसर पर संस्था के सचिव प्रभु नारायण झा एवं कोषाध्यक्ष पिंटू कुमार की विशिष्ट उपस्थिति रही। उनके नेतृत्व में कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है।संस्था प्रतिनिधियों ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।

इसी उद्देश्य से सभी इंटर्न को अपने पौधों की देखभाल करने तथा 20 जून तक प्रतिदिन पौधों को पानी देते समय उनकी तस्वीर साझा करने का निर्देश दिया गया है। संस्था का मानना है कि इससे युवाओं में पौधों के प्रति आत्मीयता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी।कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था सदस्य सुबोध, सोनू, रचना, नीतीश, श्रवण, संतोष, प्रिंस, रंजन, गौरव एवं चंदन सहित अन्य कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

वहीं इंटर्न टीम लीडरों की भूमिका भी अत्यंत सराहनीय रही।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं पौधों की देखभाल का संकल्प लिया। धन्यवाद ज्ञापन इंटर्नशिप सुपरवाइजर मनीष कुमार द्वारा किया गया।दूर देहात संस्था का यह अभियान युवाओं में पर्यावरणीय चेतना विकसित करने तथा हरित एवं सतत भविष्य के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Share This Article
Leave a Comment