समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक लाभुकों को योजना का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में योजना के क्रियान्वयन में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। इसी क्रम में एसबीआई की विभूतिपुर शाखा में योजना से संबंधित आवेदनों के लंबित अथवा अस्वीकृत किए जाने की स्थिति संज्ञान में आई है।समस्तीपुर जिले में पीएम सूर्य घर योजना के तहत कुल 21,000 लाभुकों को योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिले के तीन विद्युत प्रमंडलों को अलग-अलग लक्ष्य सौंपा गया है।

समस्तीपुर विद्युत प्रमंडल को 9,460, दलसिंहसराय विद्युत प्रमंडल को 6,765 तथा रोसड़ा विद्युत प्रमंडल को 4,775 लाभुकों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य दिया गया है।योजना की समीक्षा के दौरान सामने आया कि कुछ बैंक शाखाओं द्वारा लाभुकों के ऋण संबंधी आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित अथवा अस्वीकृत किया जा रहा है। एसबीआई ताजपुर शाखा में 22 आवेदन सिबिल स्कोर के आधार पर अस्वीकृत किए जाने की जानकारी मिली है। जबकि निर्धारित निर्देशों के अनुसार केवल सिबिल स्कोर के आधार पर पीएम सूर्य घर योजना के आवेदन को अस्वीकृत नहीं किया जाना है।इसी प्रकार केनरा बैंक, कस्बे आहार शाखा में 22 आवेदन लंबित पाए गए हैं। एसबीआई की विभूतिपुर, पटोरी एवं काशीपुर शाखाओं में भी योजना से संबंधित आवेदनों के लंबित अथवा अस्वीकृत किए जाने की स्थिति संज्ञान में आई है।इसके अलावा सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, सरायरंजन शाखा में लाभुकों से जमीन स्वामित्व प्रमाण-पत्र मांगे जाने तथा ग्रामीण बैंक, खजुरी शाखा में सब्सिडी की राशि को बैंक ऋण की पूर्ण अदायगी तक होल्ड रखने की शिकायत सामने आई है। पंजाब नेशनल बैंक, नारघोगी शाखा में भी योजना से संबंधित आवेदन लंबे समय तक लंबित रखे जाने की जानकारी मिली है।

लाभुकों के आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित अथवा अस्वीकृत किए जाने तथा योजना के निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप कार्रवाई नहीं किए जाने के मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित बैंक शाखाओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के लिए सक्षम प्राधिकार को प्रस्ताव भेजा गया है।जिले में पीएम सूर्य घर योजना के निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए विद्युत विभाग एवं संबंधित बैंक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा लाभुकों के आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

योजना का उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को रूफटॉप सोलर से जोड़कर स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना तथा परिवारों को बिजली के क्षेत्र में राहत और लाभ उपलब्ध कराना है।

