विभूतिपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड सेंटर का शुभारंभ, पहले दिन तीन गर्भवती महिलाओं की हुई जांच

गर्भवती महिलाओं को अब स्थानीय स्तर पर मिलेगी अल्ट्रासाउंड की सुविधा, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा

समस्तीपुर/विभूतिपुर/नवनीत कुमार झा : प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को अल्ट्रासाउंड सेंटर का शुभारंभ किया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. धीरज कुमार एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योति कुमारी ने संयुक्त रूप से सेंटर का उद्घाटन किया। सेंटर के शुरू होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को अब अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगी।

शुभारंभ के पहले दिन ही तीन गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड किया गया। इनमें पूजा कुमारी (23 वर्ष), रंजना कुमारी (22 वर्ष) एवं अर्चना कुमारी (22 वर्ष शामिल रहीं। सेंटर के शुरू होने से गर्भवती महिलाओं को जांच के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. धीरज कुमार ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं के विस्तार को महत्वपूर्ण कदम बताया। वहीं, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ज्योति कुमारी की मौजूदगी में गर्भवती महिलाओं की जांच की गई।

मौके पर बीएचएम अनिल कुमार राय, बीसीएम रंजना कुमारी, प्रधान लिपिक मृत्युंजय कुमार एवं एएनएम अपराजिता कुमारी सहित स्वास्थ्य केंद्र के अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Share This Article
Leave a Comment