समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : विभूतिपुर थाना क्षेत्र के विभूतिपुर पूरब पंचायत वार्ड संख्या-12 में रविवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। करंट लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं 6 माह की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल है।मृतकों की पहचान अरुण राम (40 वर्ष), उनकी मां शांति देवी (60 वर्ष) एवं भतीजा अजीत कुमार (16 वर्ष) के रूप में हुई है। घायल बच्ची आंशी कुमारी, अरुण राम की पुत्री है, जिसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

कैसे घटी घटना
जानकारी के अनुसार, बिजली पोल से घर में गया सर्विस तार शॉर्ट लगने से गिर गया था। उसी समय बिजली कटी हुई थी। अरुण राम तार को देखने पहुंचे, तभी अचानक बिजली आ गई और वह करंट की चपेट में आ गए।उन्हें बचाने दौड़ी मां शांति देवी और भतीजा अजीत कुमार भी झटके की चपेट में आकर मौके पर ही गिर पड़े। इसी दौरान अरुण राम की पत्नी रिंकू देवी अपने गोद में 6 माह की बच्ची को लेकर पहुंचीं, जिससे बच्ची भी गंभीर रूप से जख्मी हो गई।

अस्पताल ले जाने पर हुआ सब स्पष्ट
स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में सभी को विभूतिपुर सीएससी पहुँचाया, जहाँ ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अमरनाथ शर्मा ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर स्थिति को देखते हुए बच्ची को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

लोगों में आक्रोश, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ गहरा आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि हादसे से पहले और बाद में कई बार बिजली विभाग को फोन किया गया लेकिन कॉल रिसीव नहीं किया गया, जिसके चलते तीन लोगों की जान चली गई।

प्रशासन और नेताओं की प्रतिक्रिया
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस ने तीनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।वहीं स्थानीय विधायक अजय कुमार ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।बिजली विभाग के जेई नीतीश कुमार ने बताया कि घटना सर्विस तार गिरने के कारण घटी है और सूचना मिलते ही बिजली बाधित कर दिया गया था।

👉 इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

