समस्तीपुर/दलसिंहसराय/नवनीत कुमार झा : दलसिंहसराय एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी और छिनतई की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में विभूतिपुर थाना क्षेत्र के नरहन स्टेट निवासी शिव कुमार महतो समेत मुख्य आरोपी अनीश कुमार उर्फ बौधा और एक दुकानदार सुजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, सोने के मंगलसूत्र, लॉकेट एवं कान के फूल समेत कुल 16 पीस आभूषण और एक मोबाइल बरामद किया है।

बताया गया कि दलसिंहसराय क्षेत्र में लगातार चोरी और छिनतई की घटनाओं को देखते हुए पुलिस तकनीकी अनुसंधान एवं आसूचना संकलन के आधार पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान 19 सितंबर की सुबह करीब 3:30 से 4 बजे के बीच सरदारगंज चौक चौबटिया के पास दो अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीनने का प्रयास किया। हालांकि, अपराधी घटना को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके। स्थानीय लोगों ने दोनों को पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें हिरासत में लिया और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की।पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी अनीश कुमार उर्फ बौधा ने अपने साथियों के साथ मिलकर कई चोरी एवं छिनतई की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पूर्व में चोरी किए गए आभूषण भी बरामद किए गए। मामले में विभूतिपुर थाना क्षेत्र के एकडारा निवासी दुकानदार सुजीत कुमार की संलिप्तता सामने आने की भी पुलिस ने जानकारी दी है।गिरफ्तार आरोपियों में अनीश कुमार उर्फ बौधा, निवासी मोहनपुर, दलसिंहसराय, शिव कुमार महतो, निवासी नरहन स्टेट, विभूतिपुर तथा सुजीत कुमार, निवासी एकडारा, विभूतिपुर शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, इस मामले से जुड़े विजय कुमार और सिरोमणी कुमार को भी पूर्व में बेगूसराय के खोदावंदपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया जा चुका है।

डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि चोरी और छिनतई की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार तकनीकी अनुसंधान एवं सूचना संकलन के आधार पर कार्रवाई कर रही थी। इसी क्रम में आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पूर्व की घटनाओं में चोरी गए सामान की बरामदगी हुई है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

