पांच अपराधियों ने मिलकर लूटे थे 1.49 लाख रुपये, डीएसपी सदर-1 सतीश सुमन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी

समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत हरपुर एलौथ स्थित फ्लिपकार्ट कार्यालय में हुई लूट की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर दिया है। मामले में एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अपराधी की पहचान मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर वार्ड संख्या-06 निवासी बिरजु कुमार महतो के पुत्र मनीष कुमार के रूप में हुई है। उसकी निशानदेही पर लूटी गई राशि में से 18 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इस पूरे मामले की जानकारी डीएसपी सदर-1 सतीश सुमन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी।

पुलिस के अनुसार, बीते 25 अक्टूबर की रात करीब 9:20 बजे पांच अज्ञात अपराधियों ने हरपुर एलौथ स्थित फ्लिपकार्ट कार्यालय में घुसकर वहां मौजूद रौशन कुमार (21 वर्ष), पिता रामभरोश राय, निवासी हरपुर एलौथ को जान से मारने का भय दिखाया और 1 लाख 49 हजार 700 रुपये नकद लूट लिए थे। घटना के संबंध में मुसरीघरारी थाना कांड संख्या-172/26, दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 309(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, समस्तीपुर के निर्देश पर सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। गठित टीम लगातार मामले के उद्भेदन एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने मनीष कुमार को गिरफ्तार किया।

पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त का स्वीकारोक्ति बयान दर्ज किया गया। उसकी निशानदेही पर लूटी गई राशि में से 18 हजार रुपये बरामद किए गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को पेशेवर अपराधकर्मी बताया है। उसके आपराधिक इतिहास का पता सीमावर्ती थानों से लगाया जा रहा है। वहीं, लूटकांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।

छापेमारी एवं विशेष टीम में मुसरीघरारी थानाध्यक्ष पु०अ०नि० राकेश कुमार सिंह, पु०अ०नि० विजेश कुमार सिंह, पु०अ०नि० रंगलाल साह, डीआईयू शाखा एवं मुसरीघरारी थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

Share This Article
Leave a Comment