रायसेन/भोपाल। भाषाएं अलग, संस्कृतियां अलग, लोक परंपराएं अलग, लेकिन भाव एक—राष्ट्रीय एकता और भाईचारा। मध्य प्रदेश के रायसेन स्थित रवींद्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी (RNTU) में आयोजित तीन दिवसीय ‘राष्ट्रीय एकता युवा शांति शिविर’ में देश की सांस्कृतिक विविधता और एकता की अनूठी झलक देखने को मिली। नेशनल यूथ प्रोजेक्ट (NYP) नेशनल सीनियर कोऑर्डिनेटर फोरम की ओर से आयोजित शिविर में 15 राज्यों से आए सैकड़ों युवाओं ने गांधीवादी विचारक डॉ. एस.एन. सुब्बाराव (भाई जी) की पांचवीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
‘भारत के संतान’ कार्यक्रम ने बांधा समां
शिविर का मुख्य आकर्षण ‘भारत के संतान’ कार्यक्रम रहा, जिसमें विभिन्न राज्यों के युवाओं ने 18 से अधिक क्षेत्रीय भाषाओं और लोकनृत्यों के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया। भारत माता के मानचित्र पर दीप प्रज्वलित कर प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय अखंडता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में महाराष्ट्र की सायेशा जयेश हांडे की मराठी लोकनृत्य प्रस्तुति ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें शिविर की ‘बेस्ट डांसर’ घोषित कर सम्मानित किया गया।
लोकनृत्यों में दिखी भारत की सांस्कृतिक विविधता
शिविर में विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों ने अपनी लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं के माध्यम से भाई जी को श्रद्धांजलि दी। असम के युवाओं ने पारंपरिक बिहू नृत्य, गुजरात की टीम ने डांडिया, हिमाचल प्रदेश के प्रतिभागियों ने हिमाचली लोकनृत्य प्रस्तुत किया। वहीं, हैदराबाद के कलाकारों ने कथक और मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़ के युवाओं ने आदिवासी लोकनृत्यों के माध्यम से सांस्कृतिक रंग बिखेरे।
इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देश की विविध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया और एकता का संदेश दिया।
अनुराधा शंकर ने किया युवाओं का उत्साहवर्धन
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रवींद्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी की प्रो-चांसलर एवं पूर्व वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराधा शंकर शामिल हुईं। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन देश की विविधता में एकता की भावना को मजबूत करते हैं। समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन में इनकी रही अहम भूमिका
तीन दिवसीय शिविर को सफल बनाने में रवींद्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी परिवार और नेशनल यूथ प्रोजेक्ट के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन में संगठन के संस्थापक मुकेश चंद्र झा, NYP बिहार के प्रभात कुमार एवं प्रभु नारायण झा सहित नेशनल सीनियर कोऑर्डिनेटर फोरम के सदस्य और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शिविर ने युवाओं के बीच राष्ट्रीय एकता, शांति, सद्भाव और सांस्कृतिक आदान-प्रदान की भावना को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।


