समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भागीरथपुर में शनिवार की सुबह आपसी विवाद में चाकू मारकर एक 38 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गाढ़ा गांव निवासी स्वर्गीय राम दयाल सहनी के पुत्र अजीत सहनी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शनिवार सुबह करीब छह बजे अजीत सहनी भागीरथपुर में उर्मिला देवी की किराना दुकान के सामने खैनी और गुटखा खरीद रहे थे। इसी दौरान बगल के टोले के रहने वाले झगड्डु सहनी (55) से उनका पुराना विवाद फिर उभर आया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी और झगड़ा शुरू हो गया। इसी दौरान झगड्डु सहनी ने धारदार चाकू से अजीत सहनी पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घायल अजीत सहनी को इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम और FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमार्टम कराया गया है तथा घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन किया है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच पहले से विवाद होने की बात सामने आई है। ग्रामीणों के हवाले से पुलिस ने बताया कि आरोपी झगड्डु सहनी का स्वभाव विक्षिप्त बताया जाता है और उसका मुजफ्फरपुर में इलाज चल रहा था। हालांकि, इस संबंध में विस्तृत चिकित्सकीय जानकारी सामने नहीं आई है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 के नेतृत्व में कल्याणपुर पुलिस आरोपी झगड्डु सहनी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।



