बेटी की शादी से पहले उजड़ गया परिवार, अपराधियों ने किसान को गोलियों से भूना; गांव में मातम

सरायरंजन/समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : घर में बेटी की शादी की तैयारियां होनी थीं, परिवार में खुशियों का माहौल होना था, लेकिन अपराधियों की गोलियों ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। शुक्रवार की देर शाम अज्ञात अपराधियों ने 45 वर्षीय किसान सुबोध राय की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

घटना सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग पंचायत अंतर्गत रसलपुर वार्ड संख्या-6 की है। मृतक की पहचान जानमोहम्मदपुर गांव के वार्ड संख्या-1 निवासी गांगो राय के पुत्र सुबोध राय (45) के रूप में हुई है।

घर से दो किलोमीटर दूर अपराधियों ने बनाया निशाना

मिली जानकारी के अनुसार, सुबोध राय शुक्रवार की देर शाम साइकिल से अपने घर से निकले थे। वह घर से करीब दो से ढाई किलोमीटर दूर रसलपुर के वार्ड संख्या-6 से गुजर रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया। अपराधियों ने उनकी कनपटी और पंजरे में एक-एक गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

गोलीबारी की सूचना मिलते ही सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। हालांकि, हत्या के पीछे की वजह का तत्काल पता नहीं चल सका था। अपराधियों की पहचान को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं थी।

अगले महीने होनी थी बेटी की शादी, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सुबोध राय अपने पीछे पत्नी धर्मशीला देवी, एक पुत्री और दो पुत्र छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी अपने वार्ड की पंच हैं। सबसे दुखद पहलू यह है कि मृतक की बेटी की शादी अगले महीने होने वाली थी। घर में शादी की तैयारियों के बीच अचानक हुई इस घटना ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया। पति की मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, बेटी की शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

Share This Article
Leave a Comment