समस्तीपुर/ नवनीत कुमार झा : जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाई बजने वाली थी और बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं, उसी घर से अचानक उसकी अर्थी उठने से पूरे परिवार में मातम पसर गया। शादी की खुशियां पलभर में चीख-पुकार और आंसुओं में बदल गईं। मामला विभूतिपुर थाना क्षेत्र के केराय गांव स्थित वार्ड संख्या-5 का है, जहां 24 वर्षीय युवती का शव घर के कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला।
मृतका की पहचान स्वर्गीय रामदयालु सिंह की पुत्री अस्मिता कुमारी के रूप में हुई है। उसकी शादी आगामी 4 दिसंबर 2026 को दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के माटी पचपनका गांव निवासी चंदन कुमार के साथ तय हुई थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पिता की मौत के बाद परिवार की खुशियों का सहारा थी अस्मिता

परिजनों के अनुसार, मृतका के पिता का कुछ महीने पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में तीन भाई और तीन बहनें हैं। अस्मिता सभी भाई-बहनों में सबसे छोटी थी और बीए फाइनल ईयर की छात्रा थी। घर में उसकी शादी को लेकर तैयारियां जोरों पर थीं। परिवार विवाह में दिए जाने वाले सामान की खरीदारी की तैयारी कर रहा था। इसी बीच बेटी की मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
होने वाले पति पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप
मृतका के भाई नवनीत कुमार ने अपनी बहन की मौत के लिए होने वाले पति चंदन कुमार को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि दहेज में दिए जाने वाले सामान को लेकर चंदन कुमार उनकी बहन को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था, जिससे वह काफी परेशान रहती थी।
भाई के मुताबिक, घटना की रात भी चंदन कुमार और अस्मिता के बीच करीब 45 मिनट तक फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद क्या हुआ, इसकी जानकारी परिवार को नहीं है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

सुबह कमरे में झांकते ही मच गई चीख-पुकार
परिजनों के अनुसार, सुबह काफी देर तक जब अस्मिता अपने कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिवार के सदस्यों को चिंता हुई। कमरे में झांककर देखने पर उसका शव पंखे से लटका हुआ दिखाई दिया। इसके बाद दरवाजा तोड़कर परिजन अंदर पहुंचे और उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने पर विभूतिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया।

इस संबंध में विभूतिपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि केराय गांव में 24 वर्षीय युवती का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल युवती की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह पुलिस जांच का विषय है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

जिस बेटी को 4 दिसंबर को दुल्हन बनकर अपने नए जीवन की शुरुआत करनी थी, उसकी असमय मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है। शादी की तैयारियों के बीच पसरे इस मातम ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है।


