समस्तीपुर में राज्य स्तरीय बालिका फुटबॉल का शंखनाद, मुंगेर और एकलव्य ने मारी बाजी

छह दिवसीय प्रतियोगिता में बिहार के नौ प्रमंडलों के साथ एकलव्य की टीम ले रही हिस्सा, अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में होंगे मुकाबले

समस्तीपुर/ नवनीत कुमार झा : शहर के पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, पूर्व मध्य रेलवे स्थित खेल मैदान में रविवार को राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडलीय विद्यालय बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आगाज हुआ। छह दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न प्रमंडलों की बालिका फुटबॉल टीमें अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाएंगी। पहले दिन अंडर-14 वर्ग के मुकाबलों में मुंगेर प्रमंडल और बिहार एकलव्य की टीम ने जीत के साथ अगले दौर में जगह बनाई।

खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने दीप प्रज्वलित कर किया।

प्रतियोगिता में शामिल बालिका खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाते जिलाधिकारी।

इस दौरान सदर अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं खेल विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की।

फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ करते जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से जीत-हार की चिंता किए बिना खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की अपील की।

पहले मुकाबले में मुंगेर ने सारण को दी शिकस्त

प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-14 बालिका वर्ग के मुकाबले खेले गए। पहले मैच में मुंगेर प्रमंडल की टीम ने सारण प्रमंडल को 1-0 से हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया। वहीं, दूसरे मुकाबले में बिहार एकलव्य की टीम ने मगध प्रमंडल को पराजित कर अगले दौर का टिकट कटाया। सभी मुकाबले नॉकआउट पद्धति से खेले जा रहे हैं।

जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की टीमें हिस्सा ले रही हैं। बिहार के नौ प्रमंडलों के अलावा एकलव्य की टीम को भी प्रतियोगिता में शामिल किया गया है। हालांकि, पहले दिन पूर्णिया, कोसी और भागलपुर प्रमंडल की अंडर-14 टीमें मुकाबले में शामिल नहीं हुईं।

कार्यक्रम में खिलाड़ियों को निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा और अनुशासन की शपथ भी दिलाई गई। इस आयोजन से बालिका खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा साबित करने और भविष्य में बेहतर अवसर हासिल करने का मंच मिल रहा है।

Share This Article
Leave a Comment