तीनों जीविका संकुल संघों में आयोजित हुआ जागरूकता एवं शपथ ग्रहण समारोह, स्वस्थ और सुरक्षित समाज निर्माण पर दिया गया जोर
बिथान/समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त कर स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक बनाने के उद्देश्य से रविवार को बिथान प्रखंड में नशामुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। बिथान जीविका के तीनों जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड के कार्यालय सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 181 लोगों ने सहभागिता करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि डॉ. मधुकर ने उपस्थित लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार की खुशहाली, सामाजिक प्रतिष्ठा और आर्थिक स्थिति पर भी प्रतिकूल असर डालता है। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक जागरूकता और प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
इस दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, समाज और आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में जीविका कर्मियों, संकुल स्तरीय संघ की प्रतिनिधियों एवं विभिन्न कैडर की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अभियान के तहत तीन संकुल संघों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। चमत्कार संकुल संघ, बिथान में 62, उत्कर्ष संकुल संघ, सोहमा में 75 तथा आनंद संकुल संघ, सखवा में 44 लोगों ने भाग लिया। इस प्रकार तीनों संकुलों में कुल 181 लोगों की सहभागिता से नशामुक्ति अभियान को व्यापक जनसमर्थन मिला।

मौके पर जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक शिवांशु, क्षेत्रीय समन्वयक अविनाश कुमार मंडल, कार्यालय सहायक प्रभाकर कुमार, प्रजापति ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि डॉ. मधुकर, संकुल स्तरीय संघ की प्रतिनिधियों सहित विभिन्न कैडर के सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य नशे के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने, सामुदायिक स्तर पर सामूहिक संकल्प को मजबूत करने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाकर एक स्वस्थ एवं नशामुक्त वातावरण का निर्माण करना रहा।

