रायसेन में राष्ट्रीय एकता युवा शांति शिविर संपन्न, 15 राज्यों के 232 युवाओं ने लिया हिस्सा

डॉ. एस.एन. सुब्बाराव ‘भाई जी’ की पांचवीं पुण्यतिथि पर आयोजित शिविर में राष्ट्रीय एकता, शांति और सद्भाव का संदेश

रायसेन/भोपाल। मध्य प्रदेश के रायसेन स्थित रवीन्द्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी में डॉ. एस.एन. सुब्बाराव ‘भाई जी’ की पांचवीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय एकता युवा शांति शिविर संपन्न हो गया। राष्ट्रीय युवा योजना (नेशनल सीनियर कोऑर्डिनेटर फोरम) के तत्वावधान में 25 अक्टूबर से आयोजित इस शिविर में देश के 15 राज्यों के 232 युवाओं ने भाग लिया। शिविर के दौरान युवाओं को राष्ट्रीय एकता, अहिंसा, सामाजिक सद्भाव और आपसी सहयोग का संदेश दिया गया।

शिविर का उद्घाटन 25 अक्टूबर को विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार संगीता जौहरी और पूर्व आईपीएस अधिकारी ऋषि शुक्ला ने दीप प्रज्वलित कर किया। शिविर के सफल आयोजन के लिए देश के विभिन्न राज्यों से आए कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। भोपाल रेलवे स्टेशन पर युवाओं के स्वागत, भोजन और विश्वविद्यालय तक पहुंचाने की व्यवस्था में एकता परिषद के भोपाल कार्यालय प्रमुख अनीश भाई और स्थानीय संगठन का सहयोग रहा।

शिविर में भाई जी की पारंपरिक दिनचर्या के अनुरूप सुबह 5:50 बजे से रात 10 बजे तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें युवा गीत, ध्वज वंदन, व्यायाम, भाषा की कक्षाएं, सामूहिक खेलकूद, श्रमदान, सर्वधर्म प्रार्थना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल रहीं। ‘भारत की संतान’ कार्यक्रम के माध्यम से देश की विविध भाषाओं और संस्कृतियों के बीच एकता का संदेश दिया गया।

भोपाल में सर्वधर्म प्रार्थना और सांस्कृतिक कार्यक्रम

शिविर के दूसरे दिन 26 अक्टूबर को प्रतिभागियों को भोपाल ले जाया गया। यहां एकता परिषद के तत्वावधान में गांधी भवन परिसर में सर्वधर्म प्रार्थना और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘भारत की संतान’ रहा, जिसमें 18 भाषाओं के कलाकारों ने अपने-अपने राज्यों के गीत प्रस्तुत किए। इसके बाद भारत के मानचित्र पर संबंधित राज्यों के स्थान पर मोमबत्तियां जलाकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

इस कार्यक्रम में पूर्व आईपीएस अधिकारी अनुराधा शंकर और सांसद दर्शन चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए एकता, सद्भाव और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर जोर दिया।

समापन समारोह में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र

27 अक्टूबर को आयोजित समापन समारोह में पूर्व आईपीएस अधिकारी अनुराधा शंकर और रवीन्द्रनाथ टैगोर यूनिवर्सिटी की प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चौधरी उपस्थित रहीं। अतिथियों ने शिविर में शामिल युवाओं को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए। आयोजन में सहयोग के लिए विश्वविद्यालय परिवार को सम्मान पत्र भेंट किया गया। सहयोगियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया, जबकि विश्वविद्यालय की ओर से प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न दिए गए।

शिविर को सफल बनाने में राष्ट्रीय युवा योजना के अध्यक्ष प्रचंड जायसवाल, महासचिव विकास सिंह, उपाध्यक्ष एवं शिविर संयोजक पंकज झाला सहित विभिन्न राज्यों से आए कार्यकर्ताओं का योगदान रहा। महाराष्ट्र के नरेंद्र भाई, छत्तीसगढ़ के विनय गुप्ता, कर्नाटक के एस. प्यारी जान और हरियाणा की आशा बहन समेत अनेक सहयोगियों ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के अंत में नेशनल सीनियर कोऑर्डिनेटर फोरम के संस्थापक मुकेश चंद्र झा, हमीदिया उड़ान संस्थान के दानिश भाई एवं उनकी टीम तथा महात्मा गांधी सेवा आश्रम, जौरा के प्रतिनिधि प्रफुल्ल भाई सहित सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों के अनुसार, पिछले तीन महीनों के सामूहिक प्रयास से आयोजित इस शिविर ने युवाओं के बीच राष्ट्रीय एकता, शांति, भाईचारे और सर्वधर्म सद्भाव की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

Share This Article
Leave a Comment