रोहन कुमार की गुमशुदगी में विभूतिपुर थाना में FIR दर्ज, SDPO रोसड़ा के नेतृत्व में जांच शुरू

पिता के लिखित आवेदन पर कांड संख्या 537/26 दर्ज, सात घंटे तक SH-88 जाम रहने के बाद पुलिस ने जारी की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति

समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : विभूतिपुर थाना क्षेत्र के समरथा गांव से युवक रोहन कुमार के लापता होने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, समस्तीपुर की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, विभूतिपुर थाना कांड संख्या 537/26 दर्ज कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) रोसड़ा के नेतृत्व में अग्रतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि 3 नवंबर 2026 को विभूतिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम समरथा से एक लड़के के गुमशुदा होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए विभूतिपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी और कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। जांच एवं सत्यापन के दौरान लापता युवक की पहचान रोहन कुमार, पिता चंद्रप्रसाद सिंह, निवासी समरथा, थाना विभूतिपुर, जिला समस्तीपुर के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, युवक के पिता द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर विभूतिपुर थाना कांड संख्या 537/26 दर्ज किया गया है। मामले में SDPO रोसड़ा के नेतृत्व में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

सात घंटे तक सड़क जाम, टायर जलाकर किया गया प्रदर्शन

रोहन कुमार के लापता होने की घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने दलसिंहसराय–रोसड़ा मुख्य मार्ग SH-88 को बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया था। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब सात घंटे तक चले इस विरोध-प्रदर्शन के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

सड़क जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यातायात बाधित होने से एंबुलेंस को भी अपना रास्ता बदलना पड़ा। बाद में रोसड़ा डीएसपी के मौके पर पहुंचने और आश्वासन दिए जाने के बाद जाम समाप्त हुआ।

वरीय पुलिस पदाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद हटा जाम

जाम के दौरान रोसड़ा सर्किल इंस्पेक्टर मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने और जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। ग्रामीण युवक की सकुशल बरामदगी और मामले में ठोस कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। बाद में रोसड़ा डीएसपी के पहुंचने पर परिजनों एवं ग्रामीणों से बातचीत की गई और कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

ग्रामीणों एवं परिजनों ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उनकी मांग है कि निर्धारित समय के भीतर युवक की सकुशल बरामदगी सुनिश्चित की जाए तथा मामले में ठोस कार्रवाई हो।

वायरल ऑडियो से गहराया संदेह, परिजन चिंतित

मामले से जुड़ा एक कथित ऑडियो भी वायरल होने की चर्चा है। परिजनों को इस ऑडियो के आधार पर युवक के साथ अनहोनी की आशंका सता रही है। हालांकि, वायरल ऑडियो की सत्यता और उसमें सामने आ रही बातों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। परिजन मामले की गंभीरता से जांच कर रोहन कुमार का जल्द पता लगाने की मांग कर रहे हैं।

अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी निगाहें

प्राथमिकी दर्ज होने और SDPO रोसड़ा के नेतृत्व में जांच शुरू होने के बाद अब मामले में पुलिस की कार्रवाई महत्वपूर्ण हो गई है। एक ओर परिजनों की चिंता बढ़ती जा रही है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों के 24 घंटे के अल्टीमेटम ने पुलिस प्रशासन के सामने चुनौती खड़ी कर दी है।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि लापता रोहन कुमार का पता कब तक चल पाएगा और पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आएंगे?

Share This Article
Leave a Comment