जन संवाद में पहुंचे फरियादियों ने रखीं विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें, डीएम रोशन कुशवाहा ने अधिकारियों को समय-सीमा में निष्पादन का दिया निर्देश
समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और जिला प्रशासन से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने एक-एक मामले की सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जन संवाद के दौरान सबसे अधिक मामले राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से जुड़े सामने आए। इनमें भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, जमाबंदी और भूमि मापी से संबंधित शिकायतें शामिल थीं। इसके अलावा आपूर्ति विभाग से राशन कार्ड एवं खाद्यान्न वितरण, विद्युत विभाग से बिजली बिल और आपूर्ति, परिवहन, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, शिक्षा, स्वास्थ्य और नगर निकाय से संबंधित समस्याएं भी लोगों ने उठाईं।

लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों की गंभीरता से जांच कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मामलों में स्थलीय जांच आवश्यक है, उनमें संबंधित पदाधिकारी स्वयं या अपने अधीनस्थ कर्मियों के माध्यम से जांच कराकर उचित कार्रवाई करें।

आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी देना अनिवार्य
डीएम ने कहा कि जन संवाद आम नागरिकों और जिला प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसका उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं को सुनना, उनकी कठिनाइयों को समझना और संबंधित विभागों के माध्यम से प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित शिकायतों के निष्पादन की नियमित समीक्षा करने तथा आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराने का निर्देश दिया।

मौके पर अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी प्रवीण कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी विष्णु देव मंडल, वरीय उप समाहर्ता धर्मराज, सामान्य शाखा प्रभारी अंजलि कुमारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

