समस्तीपुर में युवक रोहन कुमार हत्याकांड का खुलासा, दो गिरफ्तार; गंगा में शव बहाने का दावा

पैसों के लेन-देन में हत्या की आशंका, सिमरिया घाट पर शव की तलाश जारी; मुख्य आरोपी की निशानदेही पर बुलेट बाइक बरामद

समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : विभूतिपुर थाना क्षेत्र के समर्था गांव से लापता हुए युवक रोहन कुमार के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समर्था वार्ड संख्या-11 निवासी सुमन कुमार और बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत संजात गांव निवासी पप्पू रजक के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, रोहन कुमार 3 नवंबर की रात से लापता था। इस संबंध में 4 नवंबर को विभूतिपुर थाने में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसपी (ग्रामीण) के नेतृत्व में रोसड़ा एसडीपीओ की अगुवाई में विशेष जांच टीम गठित की गई।पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पारंपरिक अनुसंधान के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में रोहन कुमार की हत्या करने की बात स्वीकार की है। उनके अनुसार, 3 नवंबर की रात साथियों के साथ मिलकर रोहन की हत्या की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को सिमरिया घाट स्थित गंगा नदी में बहा दिया गया।

मुख्य आरोपी सुमन कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने रोहन कुमार की बुलेट मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। वहीं, शव की तलाश के लिए विभूतिपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम सिमरिया घाट पर गोताखोरों और जाल की मदद से खोजबीन कर रही है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी पैसे के लेन-देन का विवाद सामने आने की बात कही गई है। हालांकि, मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।पुलिस टीम में विभूतिपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा, पुअनि अरदस इमाम, पुअनि विशाल प्रताप सिंह सहित विभूतिपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

Share This Article
Leave a Comment