शादी की खुशियों के बीच 27 लाख की चोरी, रोसड़ा में चोरों ने उड़ाए 7 लाख नकद और 20 लाख के जेवरात

समस्तीपुर/ नवनीत कुमार झा : घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। फलदान की रस्म भी पूरी हो चुकी थी। परिवार आने वाली खुशियों का इंतजार कर रहा था, लेकिन इसी बीच चोरों ने ऐसा झटका दिया कि परिवार की खुशियां परेशानी में बदल गईं। रोसड़ा प्रखंड के चकथात पूरब पंचायत अंतर्गत उदयपुर गांव के वार्ड संख्या-16 में चोरों ने एक घर से करीब 27 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली।

चोरी की इस वारदात में लगभग 7 लाख रुपये नकद और करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण गायब हैं। घटना के बाद पीड़ित परिवार में हड़कंप मचा हुआ है।

पीछे के रास्ते से घर में घुसे चोर, पूजा घर का तोड़ा ताला

जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात करीब 11 बजे की है। गांव निवासी रामयतन महतो के घर के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सोने चले गए थे। इसी दौरान चोर पीछे के रास्ते से घर के आंगन में दाखिल हुए।

इसके बाद चोरों ने पूजा घर का ताला तोड़कर वहां रखी गोदरेज को निशाना बनाया। गोदरेज में रखे करीब 7 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के कीमती आभूषण लेकर चोर आसानी से फरार हो गए। हैरानी की बात यह रही कि घर में मौजूद किसी भी सदस्य को चोरी की भनक तक नहीं लगी।

बेटी ने जताई अनजान व्यक्ति के घर में होने की आशंका

कुछ देर बाद घर की बेटी ने किसी अनजान व्यक्ति के घर में मौजूद होने की आशंका जताते हुए शोर मचाया। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चोर अपना काम कर फरार हो चुके थे। इसके बाद घर में रखे सामान की जांच की गई तो लाखों रुपये की चोरी का पता चला।

सूचना पर पहुंची पुलिस, जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद रोसड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है।

शादी से पहले चोरी ने परिवार की खुशियों पर फेरा पानी

बताया जा रहा है कि रामयतन महतो के घर में कुछ ही दिनों बाद शादी होने वाली थी। फलदान की रस्म भी पूरी हो चुकी थी और परिवार विवाह की तैयारियों में जुटा था। ऐसे समय में लाखों रुपये की चोरी ने परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा कर दिया है।

बढ़ती चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता

इलाके में चोरी की बढ़ती घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने, चोरी की इस घटना का जल्द उद्भेदन करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

एक तरफ घर में शादी की शहनाई बजने की तैयारी थी, तो दूसरी तरफ चोरों ने लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर परिवार की खुशियों को बड़ा झटका दे दिया।

Share This Article
Leave a Comment