समस्तीपुर में झाड़ी से 18-19 वर्षीय अज्ञात युवती का शव बरामद, इलाके में सनसनी; FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती की उम्र करीब 18 से 19 वर्ष बताई जा रही है। शव जूट मिल के बगल में बांध वाली मुख्य सड़क से गंडक नदी की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते के किनारे झाड़ी से बरामद किया गया।पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। युवती ने लाल रंग की टी-शर्ट और काले रंग की जींस पहन रखी थी। उसकी नाक में कीलनुमा आभूषण था और कमर में काले रंग की पतली बेल्ट थी। शव के पास गुलाबी रंग की प्लास्टिक की एक जोड़ी चप्पल भी बरामद हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संकलन कराया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल युवती की पहचान नहीं हो सकी है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 के नेतृत्व में कल्याणपुर पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर युवती कौन थी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई? पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share This Article
Leave a Comment