समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : मेरा युवा भारत (माय भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से सक्सेस मिशन क्लब, काशीपुर में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा एवं युवतियों ने भाग लेकर नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माय भारत समस्तीपुर की जिला युवा अधिकारी भावना गोयल ने कहा कि मादक पदार्थ, तंबाकू, सिगरेट और अन्य प्रकार के नशे का सेवन शरीर के लिए बेहद हानिकारक है। इससे व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक दोनों तरह की क्षति होती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

वहीं जिला प्रशासन समस्तीपुर के डीपीओ नमामि गंगे नीरजेश कुमार ने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई से युवाओं को बचाने और दूसरों को बचाने के लिए सभी को आगे आना होगा। नशा व्यक्ति को खोखला करने के साथ समाज और देश को भी प्रभावित करता है।

इसके कारण तन और धन दोनों की बर्बादी होती है।कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति को लेकर स्लोगन लेखन एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। युवाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लेते हुए नशा नहीं करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ हस्ताक्षर किए।

कार्यक्रम का संचालन सक्सेस मिशन क्लब के संस्थापक सदस्य विकास कुमार एवं रामविनय कुमार ने किया। इस दौरान माय भारत के स्वयंसेवकों के साथ क्लब के सैकड़ों युवा एवं युवतियों की सहभागिता रही।

