मूर्ति विसर्जन के दौरान विवाद के बाद फायरिंग, युवक के पैर में लगी गोली

सरायरंजन में करीब 40 लोगों पर हमला करने का आरोप, पीड़ित ने कई लोगों की पहचान का किया दावा

समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : सरायरंजन थाना क्षेत्र के झखड़ा गांव में शनिवार की शाम विश्वकर्मा पूजा की मूर्ति विसर्जन के दौरान विवाद के बाद कई राउंड फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में झखड़ा निवासी आयुष कुमार झा के बाएं पैर के अंगूठे में गोली लगने की बात सामने आई है। घायल युवक ने मामले को लेकर सरायरंजन थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित आयुष कुमार झा के अनुसार, उनके दादा का निधन हो गया था और वह निमंत्रण कार्ड देने के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान मंजय लाल यादव का विसर्जन जुलूस आ रहा था। जुलूस के दौरान उनसे गाड़ी साइड करने को कहा गया। आयुष का कहना है कि गाड़ी साइड करने के बाद भी उन्हें और नीचे करने के लिए कहा गया, जिसको लेकर कहासुनी हो गई।

आयुष के मुताबिक, इसी दौरान मंजय लाल यादव वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट की तथा उनका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद वह ग्रामीणों के साथ अपने घर लौट आए। पीड़ित का आरोप है कि कुछ देर बाद मंजय लाल यादव और उनके साथ आए कुछ लोगों ने उनके घर के पास फायरिंग की। घटना की सूचना पुलिस को देने के बाद उनसे आवेदन देने को कहा गया, जिसके बाद वह कुछ ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचे और लिखित आवेदन दिया।

आयुष ने बताया कि थाने से आवेदन देकर लौटने के दौरान कॉलेज के पास खेत में पहले से बड़ी संख्या में लोग छिपे हुए थे। उनके अनुसार, वहां मौजूद लोगों ने पत्थर और कांच की बोतलों से हमला किया। आगे बढ़ने के बाद जब वे लोग रुके तो पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसी दौरान गोली चलने की बात पीड़ित ने कही। आयुष का दावा है कि गोली उनके बाएं पैर के अंगूठे में लगी।

पीड़ित के अनुसार, घटना के दौरान करीब 40 लोग मौजूद थे। उन्होंने इनमें से मंजय लाल यादव, सुमित यादव और रणधीर कुशवाहा समेत कुछ लोगों को पहचानने का दावा किया है। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है।

पीड़ित ने पुलिस पर घटना के बाद अब तक कोई ठोस आश्वासन नहीं देने तथा घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी नहीं लेने का भी आरोप लगाया है। वहीं, घटना में फायरिंग, मारपीट और गोली लगने के आरोपों को लेकर पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

इधर, इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना में शामिल लोगों और उनकी भूमिका की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई तथा अपनी सुरक्षा की मांग की है।

Share This Article
Leave a Comment