समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित अवर निरीक्षक (मद्य निषेध) प्रारंभिक लिखित परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। आगामी 12 जुलाई (रविवार) को समस्तीपुर जिला मुख्यालय के 17 परीक्षा केंद्रों पर एक पाली में आयोजित होने वाली इस परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा एवं पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अनावश्यक भीड़ पर नियंत्रण तथा कदाचार फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों को परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने, परीक्षा केंद्रों के आसपास नियमित गश्ती करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में अभ्यर्थियों के सुगम प्रवेश, यातायात प्रबंधन, संचार व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सभी विभागों के समन्वय से परीक्षा का शांतिपूर्ण, पारदर्शी और पूर्णतः कदाचारमुक्त संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।


