किन्नर समाज की मानवीय पहल : अग्निकांड पीड़ितों के बीच पहुंची राहत सामग्री।

विभूतिपुर/नवनीत कुमार झा : प्रखंड क्षेत्र के विभूतिपुर उत्तर पंचायत अंतर्गत माधोपुर वार्ड संख्या-8 में पिछले दिनों हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित पांच परिवारों के बीच किन्नर समाज ने मानवता की अनूठी मिसाल पेश की। सुमन किन्नर के नेतृत्व में पीड़ित परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई।

अग्निकांड में राम पुकार महतो, बैजनाथ कुमार महतो, शिवनाथ कुमार महतो, तुलसी कुमार महतो और अमरनाथ कुमार महतो के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए थे। हादसे में घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन समेत लगभग सभी जरूरी सामान नष्ट हो गया था।

इस घटना से करीब 25 लोग प्रभावित हुए हैं।किन्नर समाज की ओर से पीड़ित परिवारों के बीच चावल, दाल, आलू, सोयाबीन, चूड़ा, चीनी, नमक, कपड़े सहित अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया।

इस दौरान गुंजन, प्रीति, मुकेश सदा और शंभू पासवान सहित कई लोग मौजूद रहे।राहत वितरण के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए किन्नर समाज की सदस्य ने भावुक होकर कहा, “हम लोग समाज से मांगकर अपना जीवन चलाते हैं।

आज जब इन परिवारों का सब कुछ आग में जल गया, तो लगा कि इस दुख की घड़ी में हमें भी उनके साथ खड़ा होना चाहिए।

हमारी मदद भले छोटी हो, लेकिन इससे उन्हें यह एहसास होगा कि वे अकेले नहीं हैं।”सुमन किन्नर ने कहा कि इंसानियत सबसे बड़ा धर्म है। किसी भी परिवार पर जब ऐसी विपत्ति आती है, तब समाज के हर वर्ग को आगे बढ़कर सहयोग करना चाहिए।

किन्नर समाज की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे मानवता और सामाजिक संवेदनशीलता का प्रेरणादायक उदाहरण बताया।

Share This Article
Leave a Comment