समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : समस्तीपुर के उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सूर्य प्रताप सिंह ने गुरुवार को खानपुर प्रखंड का दौरा कर ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई योजनाओं की स्थिति का जायजा लिया गया, वहीं कार्यालयों में अनियमितता और लापरवाही पर नाराजगी भी जताई गई।

डीडीसी ने सबसे पहले लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के अंतर्गत निर्मित प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड समन्वयक एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी को एजेंसी के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर इकाई के सुचारू संचालन और परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। संबंधित एजेंसी को भी कार्य में तेजी और गुणवत्ता बनाए रखने को कहा गया।

इसके बाद डीडीसी ने मनरेगा प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय परिसर में साफ-सफाई और व्यवस्थाओं में कमी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। साथ ही अनुपस्थित कर्मियों और कार्यालय में मिली अनियमितताओं पर तत्काल सुधार का निर्देश दिया।

मनरेगा योजना के तहत चकबलर उच्च विद्यालय में बनाए गए खेल मैदान का भी निरीक्षण किया गया। डीडीसी ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक को खेल मैदान का नियमित रख-रखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रधानाध्यापक ने बताया कि मैदान का उपयोग बच्चों द्वारा नियमित रूप से किया जा रहा है।

इसी क्रम में प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण करते हुए डीडीसी ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेख संधारण और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा), जिला समन्वयक लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, जिला सलाहकार एसएलडब्ल्यूएम, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी मनरेगा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

