समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा को लेकर समस्तीपुर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड में नजर आ रहा है।

परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं। समस्तीपुर सदर अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत कुल 07 परीक्षा केंद्रों पर 03 मई 2026, रविवार को परीक्षा आयोजित की जाएगी।परीक्षा दोपहर 02:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक आयोजित होगी, जबकि परीक्षार्थियों के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा में भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान विषयों से संबंधित बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे।जिला प्रशासन द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, महिला एवं पुरुष सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या कदाचार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।इसको लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सदर अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी अली एकराम सहित सभी संबंधित पदाधिकारी एवं केंद्राधीक्षक मौजूद रहे।

बैठक में परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचें तथा परीक्षा संचालन में प्रशासन का सहयोग करें।

प्रशासन ने कहा है कि NEET परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

