ड्यूटी के दौरान 25 हजार वोल्ट के करंट से रेलवे कर्मचारी की मौत, मुसरीघरारी पहुंचा पार्थिव शरीर

चेन्नई के टोंडियारपेट यार्ड में हादसा, 37 वर्षीय संजीव कुमार रेलवे में टेक्निकल ग्रेड-1 वेल्डर थे; शव पहुंचते ही परिजनों में मचा कोहराम

समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : सरायरंजन प्रखंड के नगर पंचायत मुसरीघरारी वार्ड संख्या-1 निवासी रेलवे कर्मचारी संजीव कुमार (37) की चेन्नई में ड्यूटी के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। बुधवार की शाम उनका पार्थिव शरीर पैतृक आवास पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जवान बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग जुटे।

मृतक संजीव कुमार, वार्ड संख्या-1 निवासी लाल बहादुर राम के पुत्र थे। वह पिछले करीब दस वर्षों से चेन्नई सेंट्रल में रेलवे कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। रेलवे में उनकी तैनाती टेक्निकल ग्रेड-1 वेल्डर के पद पर थी।

ड्यूटी के दौरान 25 हजार वोल्ट के OHE तार की चपेट में आए

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 2 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे चेन्नई के टोंडियारपेट यार्ड में ड्यूटी के दौरान संजीव कुमार 25 हजार वोल्ट के ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद रेलवे की ओर से पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं। इसके बाद बुधवार, 4 नवंबर को शाम करीब 6:30 बजे उनका पार्थिव शरीर मुसरीघरारी स्थित पैतृक आवास लाया गया।

शव पहुंचते ही घर में मचा कोहराम

संजीव कुमार का पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही परिजनों के बीच मातम छा गया। परिवार के सदस्यों की चीत्कार से माहौल गमगीन हो उठा। अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

बाद में परिजन और ग्रामीण पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए लेकर रवाना हुए।

दस वर्षों से रेलवे में थे कार्यरत

संजीव कुमार पिछले करीब एक दशक से रेलवे में अपनी सेवाएं दे रहे थे। परिवार को उनसे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन ड्यूटी के दौरान हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

उनकी असामयिक मौत से मुसरीघरारी क्षेत्र में शोक की लहर है। पूरे इलाके में मातम का माहौल बना हुआ है।

Share This Article
Leave a Comment