डीआरएम के आने की सूचना पर सिंघिया घाट स्टेशन पहुंचे लोग, ज्ञापन सौंपने की थी तैयारी; स्पेशल ट्रेन से गुजरे मंडल रेल प्रबंधक, नहीं हुआ ठहराव

समस्तीपुर/सिंघिया घाट/नवनीत कुमार झा : जिले के सिंघिया घाट रेलवे स्टेशन पर शनिवार को उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब स्थानीय लोगों को सूचना मिली कि समस्तीपुर रेल मंडल के डीआरएम स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही दैनिक यात्री संघ के पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम यात्रियों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन तैयार कर लिया। लोगों को उम्मीद थी कि डीआरएम के स्टेशन पर रुकने के दौरान उन्हें ज्ञापन सौंपकर वर्षों से लंबित मांगों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया जाएगा।

सूचना मिलने पर वहां बड़ी संख्या में लोग डीआरएम के आगमन और ठहराव का इंतजार कर रहे थे। लेकिन लोगों की यह उम्मीद उस समय निराशा में बदल गई, जब डीआरएम स्पेशल कोच से स्टेशन से गुजर गए और सिंघिया घाट में उनका ठहराव नहीं हुआ। इसके बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली।

दैनिक यात्री संघ स्टेशन संयोजक मनोज कुमार व अन्य

प्लेटफॉर्म की ऊंचाई और लंबाई बढ़ाने की प्रमुख मांग

दैनिक यात्री संघ सिंघिया घाट रेलवे स्टेशन के स्टेशन संयोजक मनोज कुमार की ओर से 31 अक्टूबर 2026 को मंडल रेल प्रबंधक, पूर्व मध्य रेलवे, समस्तीपुर को संबोधित आवेदन में कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई गई हैं। इसमें प्लेटफॉर्म संख्या एक और दो की ऊंचाई एवं लंबाई बढ़ाने की मांग प्रमुख है।

आवेदन में कहा गया है कि बड़ी रेल लाइन शुरू हुए करीब दो दशक बीत जाने के बावजूद स्टेशन के प्लेटफॉर्म की ऊंचाई और लंबाई में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। प्लेटफॉर्म की ऊंचाई कम होने के कारण यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने और उतरने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार यात्रियों को चोट लगने की आशंका भी बनी रहती है।

सब्जी विक्रेताओं के कारण यात्रियों को परेशानी

स्थानीय यात्रियों की एक अन्य प्रमुख शिकायत यह है कि सवारी गाड़ियों में स्थानीय सब्जी विक्रेताओं द्वारा बड़ी मात्रा में सब्जियों के बोरे और अन्य सामान चढ़ा दिए जाते हैं। कई बार यह सामान यात्रियों के चढ़ने-उतरने के रास्ते में रख दिया जाता है, जिससे आम यात्रियों को काफी परेशानी होती है। विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने के दौरान कठिनाई झेलनी पड़ती है।

इंटरसिटी ट्रेन और ट्रेनों के ठहराव की भी मांग

दैनिक यात्री संघ की ओर से इस रेलखंड से पटना के लिए इंटरसिटी ट्रेन चलाने की मांग भी लंबे समय से उठाई जा रही है। इसके अलावा आवेदन में ट्रेन संख्या 03216 एवं 03215 के सिंघिया घाट स्टेशन पर ठहराव की मांग का भी उल्लेख किया गया है। यात्रियों का कहना है कि इन मांगों को लेकर विभिन्न स्तरों पर आवाज उठाई जाती रही है, लेकिन अब तक अपेक्षित समाधान नहीं हो पाया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सिंघिया घाट रेलवे स्टेशन आसपास के कई गांवों के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में यहां यात्री सुविधाओं का विस्तार और लंबित मांगों का समाधान बेहद जरूरी है।

फिलहाल डीआरएम के स्टेशन पर नहीं रुकने से लोगों को अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन सौंपने का अवसर नहीं मिल सका। अब स्थानीय यात्रियों और दैनिक यात्री संघ को उम्मीद है कि रेल प्रशासन इन मांगों पर गंभीरता से विचार करेगा और सिंघिया घाट रेलवे स्टेशन की समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस पहल करेगा।

Share This Article
Leave a Comment