समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : सरायरंजन थाना क्षेत्र में किसान सुबोध राय की गोली मारकर हत्या के बाद शनिवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने सरायरंजन के बरुणा पुल चौक पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा तथा क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाकर सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। सड़क जाम के दौरान लोगों ने टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन भी किया, जिससे आवागमन प्रभावित रहा।

मालूम हो कि शुक्रवार की देर शाम रायपुर बुजुर्ग पंचायत के रसलपुर वार्ड संख्या-6 के समीप अज्ञात अपराधियों ने 45 वर्षीय किसान सुबोध राय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक जानमोहम्मदपुर गांव के वार्ड संख्या-1 निवासी गांगो राय के पुत्र थे। घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
बेटी की शादी से पहले पिता की हत्या, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक सुबोध राय के घर में अगले महीने बेटी की शादी होनी थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक हुई इस वारदात ने खुशियों को मातम में बदल दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी धर्मशीला देवी, एक पुत्री और दो पुत्र छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी पंचायत की पंच भी हैं। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस के पहुंचने पर भी नहीं थमा आक्रोश
सड़क जाम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी हो, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए तथा चौक और गांव में नियमित पुलिस गश्ती सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा हो सके।
कनपटी और पंजरे में मारी गई थी गोली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबोध राय शुक्रवार की देर शाम साइकिल से घर से निकले थे। घर से करीब दो से ढाई किलोमीटर दूर रसलपुर वार्ड संख्या-6 के पास पहले से घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया। अपराधियों ने उनकी कनपटी और पंजरे में एक-एक गोली मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया।
फिलहाल हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वहीं, हत्या के बाद सड़क जाम और ग्रामीणों के आक्रोश ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था तथा सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


