राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग पर सड़क पर उतरे बेल्ट्रॉन कर्मी, समस्तीपुर में निकाला पैदल मार्च

सरकारी विभागों में वर्षों से सेवा देने के बावजूद सुविधाओं से वंचित होने का लगाया आरोप, मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : राज्यकर्मी का दर्जा देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को समस्तीपुर में बेल्ट्रॉन कर्मियों ने पैदल मार्च निकालकर अपनी आवाज बुलंद की। बड़ी संख्या में शामिल कर्मचारियों ने एकजुटता दिखाते हुए सरकार से अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की।

प्रदर्शन कर रहे बेल्ट्रॉन कर्मियों का कहना था कि वे लंबे समय से विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अब तक राज्यकर्मी का दर्जा नहीं दिया गया है। उनका आरोप है कि सरकारी व्यवस्था में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद उन्हें नियमित सरकारी कर्मचारियों की तरह सुविधाएं और अधिकार नहीं मिल रहे हैं।

राज्यकर्मी का दर्जा देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर समस्तीपुर में पैदल मार्च निकालते बेल्ट्रॉन कर्मी।

कर्मचारियों ने सरकार से मांग की कि उन्हें राज्यकर्मी का दर्जा प्रदान किया जाए तथा सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर आवश्यक सुविधाएं, अधिकार और सेवा संबंधी लाभ उपलब्ध कराए जाएं।

पैदल मार्च के दौरान कर्मचारियों ने अपनी एकजुटता प्रदर्शित करते हुए सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। उनका कहना था कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

अब देखना यह होगा कि बेल्ट्रॉन कर्मियों की मांगों और आंदोलन को लेकर बिहार सरकार की ओर से क्या पहल की जाती है।

Share This Article
Leave a Comment