विभूतिपुर में कृषि जन कल्याण चौपाल सह खेत बचाओ अभियान आयोजित, किसानों को उन्नत खेती और मिट्टी संरक्षण की दी गई जानकारी

विभूतिपुर/समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने, खेती को लाभकारी बनाने तथा कृषि भूमि और मिट्टी के संरक्षण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को विभूतिपुर प्रखंड की महथी दक्षिण एवं नरहन पंचायत में कृषि जन कल्याण चौपाल सह खेत बचाओ अभियान का आयोजन किया गया। दोनों पंचायतों में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया।

महथी दक्षिण पंचायत में कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया भोला शंकर दास ने की, जबकि संचालन आत्मा सदस्य कृष्णदेव प्रसाद सिंह ने किया। इस दौरान प्रखंड तकनीकी प्रबंधक शशि रंजन ने आत्मा योजना के तहत किसानों को मिलने वाले प्रशिक्षण, कृषक परिभ्रमण एवं कृषि प्रसार गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं सहायक तकनीकी प्रबंधक सत्यप्रकाश सिंह ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं और किसानों को मिलने वाली सुविधाओं से अवगत कराया।

कार्यक्रम में कृषि समन्वयक अर्चना बाला, सहायक तकनीकी प्रबंधक विपुल भारती, किसान सलाहकार मान सिंह मधुकर, राजीव रंजन दास एवं सुरेंद्र ठाकुर सहित अन्य उपस्थित रहे।

नरहन पंचायत में भी किसानों को किया गया जागरूक

नरहन पंचायत में आयोजित चौपाल की अध्यक्षता रंजन कुमार पासवान ने की तथा संचालन सहायक तकनीकी प्रबंधक विपुल भारती ने किया। कृषि समन्वयक आलोक कुमार ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी, जबकि प्रखंड तकनीकी प्रबंधक शशि रंजन ने आत्मा योजना के तहत संचालित गतिविधियों के बारे में बताया।

मिट्टी की उर्वरता बचाने पर दिया जोर

चौपाल के दौरान किसानों को रबी फसलों की उन्नत खेती, मिट्टी की जांच, संतुलित उर्वरक प्रयोग तथा मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने खेतों की उर्वरता बनाए रखने और वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया।

किसानों से अपील की गई कि वे कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाएं तथा आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक टिकाऊ और लाभकारी बनाएं।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को जागरूक कर कृषि उत्पादन बढ़ाने, मिट्टी के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखने तथा सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाना रहा।

Share This Article
Leave a Comment