समस्तीपुर में हथियारों का अवैध कारोबार! खरीद-बिक्री की तैयारी कर रहे दो अपराधी गिरफ्तार, 2 पिस्तौल और 4 कारतूस बरामद

समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : जिले में अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सरायरंजन थाना क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग चौक के पास हथियारों की खरीद-बिक्री के लिए जुटे दो अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो देसी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध हथियारों के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।

चाय दुकान पर जुटे थे हथियारों के कारोबारी

पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:30 बजे गुप्त सूचना मिली कि रायपुर बुजुर्ग चौक स्थित अमरजीत पुरी की चाय दुकान पर कुछ अपराधी अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के लिए जुटे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1 के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई।

पुलिस की घेराबंदी, दो अपराधी गिरफ्तार

सूचना के सत्यापन के बाद सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के लिए वहां जुटने की बात स्वीकार की है। हालांकि, पुलिस की गाड़ी देखकर हथियार खरीदने आया व्यक्ति मौके से फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरायरंजन थाना क्षेत्र के वरुणा रसलपुर गांव निवासी सौरभ कुमार, पिता उमेश राय और धीरज कुमार, पिता मिथिलेश राय के रूप में हुई है।

सीमावर्ती थानों से खंगाला जा रहा आपराधिक इतिहास

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास सीमावर्ती थानों से खंगाला जा रहा है। साथ ही, हथियारों की खरीद-बिक्री के इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए पुलिस जांच में जुटी है।

समस्तीपुर पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध हथियारों के कारोबार पर शिकंजा कसने की उम्मीद जताई जा रही है। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि इन हथियारों की आपूर्ति कहां से हो रही थी और इनके खरीदार कौन थे।

Share This Article
Leave a Comment