समस्तीपुर/ नवनीत कुमार झा: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को समस्तीपुर रेल मंडल में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने रेल मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सत्यनिष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

शपथ के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित रखने तथा राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा में योगदान देने का संकल्प लिया। साथ ही देशवासियों के बीच आपसी सद्भाव, भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई।

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में ‘रन फॉर यूनिटी’ यानी एकता दौड़ का भी आयोजन किया गया। इसमें मंडल के अधिकारियों, बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों तथा स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। एकता दौड़ के माध्यम से प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान को याद करना तथा देश की एकता और अखंडता बनाए रखने के उनके विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करना था।

इस अवसर पर रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय रेल की कार्यसंस्कृति में अनुशासन, निष्ठा, समर्पण और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से रेलकर्मियों को एकजुट होकर राष्ट्र सेवा और भारतीय रेल की प्रगति में योगदान देने का संदेश दिया गया।


