समस्तीपुर/नवनीत कुमार झा : भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को लेकर समस्तीपुर जिले में जिला स्तरीय पदाधिकारियों, अनुमंडल चार्ज अधिकारियों, प्रखंड एवं शहरी चार्ज अधिकारियों तथा उनके तकनीकी सहायकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हो गया है। जिला स्तर पर यह प्रशिक्षण चार बैचों में आयोजित किया जा रहा है।

शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 को प्रथम बैच के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जनगणना अधिकारी सह जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार जिला जनगणना अधिकारी सह अपर समाहर्ता के नेतृत्व में दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। मौके पर अपर जिला जनगणना अधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी समस्तीपुर सदर तथा जनगणना कार्य निदेशालय, पटना से आए प्रशिक्षक सुमन सिन्हा एवं अन्नु गुप्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अपर जिला जनगणना अधिकारी सह जिला सांख्यिकी पदाधिकारी ने पौधा भेंटकर जिला जनगणना अधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी का स्वागत किया।

जिला जनगणना अधिकारी ब्रजेश कुमार ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को उपलब्ध कराए गए पीई (PE) मैनुअल का गंभीरता से अध्ययन करने तथा प्रशिक्षकों द्वारा दी जा रही जानकारी को पूरी तत्परता से आत्मसात करने का निर्देश दिया। उन्होंने जनगणना कार्य को त्रुटिरहित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया।
अपर जिला जनगणना अधिकारी अशोक कुमार ने प्रथम चरण में हुई छोटी-छोटी त्रुटियों से सीख लेते हुए भविष्य में उनकी पुनरावृत्ति नहीं करने की अपील की। साथ ही उन्होंने जनगणना के महत्व एवं इसकी उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला।

जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी ने जनगणना कार्य के दौरान आने वाली तकनीकी समस्याओं एवं उनके समाधान की जानकारी दी। वहीं, अनुमंडल जनगणना अधिकारी समस्तीपुर सदर एवं दलसिंहसराय ने क्षेत्रीय कार्यों के दौरान संभावित त्रुटियों और उनके निराकरण के बारे में प्रशिक्षणार्थियों को अवगत कराया।
जनगणना कार्य निदेशालय, पटना से आए प्रशिक्षक सुमन सिन्हा एवं अन्नु गुप्ता ने जनगणना की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली एवं विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया।

प्रथम बैच के प्रशिक्षण में जनगणना चार्ज अधिकारी रोसड़ा, विथान, हसनपुर, नगर परिषद रोसड़ा एवं नगर पंचायत सिंघिया के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। इसके अलावा अपर चार्ज अधिकारी, तकनीकी सहायक एवं लिपिक भी प्रशिक्षण में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला जनगणना कोषांग के सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी पवन कुमार सिंह, शिक्षक सुनीत कुमार, शिक्षक इंद्रजीत कुमार, सहायक मनोज कुमार सिंह, डाटा एंट्री ऑपरेटर (सांख्यिकी) सुमन सौरभ सहित अन्य कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से आयोजित यह प्रशिक्षण प्रशासनिक तैयारियों को मजबूत करने तथा जनगणना कार्य में सटीकता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।


