समस्तीपुर/ नवनीत कुमार झा : खानपुर थाना क्षेत्र में महिला की मांग में जबरन सिंदूर भरने के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। शनिवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी के सहयोगी एवं नामजद अभियुक्त सौरभ कुमार उर्फ सुगरी को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में मुख्य आरोपी कुंदन कुमार को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक साड़ी पहनी महिला की मांग में जबरन सिंदूर भरते हुए दिखाई दे रहा था। इस मामले में पीड़ित महिला के आवेदन पर खानपुर थाना कांड संख्या 243/26 दर्ज किया गया था।

मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी कुंदन कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं, आगे की कार्रवाई के दौरान 31 अक्टूबर को उसके सहयोगी एवं नामजद अभियुक्त सौरभ कुमार उर्फ सुगरी, पिता रामाशीष शर्मा, निवासी मसीना, थाना खानपुर, जिला समस्तीपुर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों तथा वीडियो वायरल करने वाले अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध भी विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है।



