समस्तीपुर/विभूतिपुर/नवनीत कुमार झा : शैक्षणिक सत्र की सफलता को चिह्नित करते हुए आर्यभट्ट कोचिंग सेंटर, भूतेश्वर चौक से 100 मीटर पूर्व, शिवनाथपुर, विभूतिपुर के प्रांगण में दीक्षांत समारोह सह मेधावी छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य उत्तीर्ण विद्यार्थियों को उनकी आगामी शैक्षणिक यात्रा के लिए प्रेरित करना तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन करना था।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्व विधायक रामबालक सिंह ने फीता काटकर किया।

इसके पश्चात कोचिंग सेंटर की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर आगंतुक अतिथियों एवं शिक्षकों को संस्थान के संचालक ललित कुमार के द्वारा माला, पाग एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान बारहवीं विज्ञान एवं कला संकाय की मेधावी छात्राओं राजनंदनी कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, शहनाज खातून, नीतू कुमारी, नियासा कुमारी एवं अंशु कुमारी को मेडल एवं दीक्षांत प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

वहीं टैलेंट सर्च एग्जाम में छठी, सातवीं, आठवीं, नौवीं एवं दसवीं वर्ग स्तर पर उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

टैलेंट सर्च परीक्षा में कोचिंग सेंटर स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा रिचा कुमारी को उपहार स्वरूप साइकिल प्रदान की गई, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही।

द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र कुमार शानू को बैग एवं तृतीय स्थान पर रही छात्रा आयुषी कुमारी को दीवार घड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर संस्थान के संचालक ललित कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की सच्ची कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में शिक्षकों, अभिभावकों एवं गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

सभी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।समारोह का समापन मधुर संगीत के बीच उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।

